झांसी। महानगर के महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कालेज में बिचौलियों का प्रवेश रोकने के लिए जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने प्रयास शुरु कर दिए है। उन्होंने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि यदि मेडिकल कालेज में कोई भी बिचौलियां नजर आ गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्यवाही होगी। आपको बता दें कि उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने 08 अप्रैल 2023 को जनपद भ्रमण किया था। इस दौरान पत्रकारों से मुलाकात करते हुए उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज कैंपस में बिचौलियों द्वारा ग्रामीण क्षेत्र से आए गरीब मरीजों को बहला-फुसलाकर बाहर निजी अस्पतालों में इलाज हेतु ले जाने की जानकारी हुई थी, जो किसी भी दशा में स्वीकार नहीं की जाएगी। इसे प्रत्येक दशा में रोका जाना सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने बताया कि उक्त तरह की शिकायत पूर्व में भी आ चुकी है और मेरे द्वारा मौखिक निर्देश दिए गए थे कि मेडीकल कालेज अस्पताल में जितने भी आने-जाने के प्रवेश द्वार हैं, वहाँ से ओ.पी.डी, आई.पी.डी, आकस्मिक विभाग आदि जहाँ पर मरीजों का आना-जाना रहता है, के प्रवेश द्वार तक सी.सी.टी.वी. कैमरे लगाए जाये जिससे ऐसे तत्वों का चिन्हांकन हो सके, जिनका मेडीकल कालेज के चिकित्सकों एवं स्टाफ के पास प्रायः आना-जाना लगा रहता है परन्तु वो न तो कॉलेज में तैनात हैं और न ही मरीज या उसके परिजन हैं। तद्नुसार उनसे पूछताछ कर आवश्यक कार्यवाही किया जाए। परंतु उक्त निर्देशों के बावजूद कई माह बाद पुनः उपमुख्यमंत्री के समक्ष मीडिया बन्धुओं द्वारा वही समस्या के बारे में अवगत कराना कहीं न कहीं मेडीकल कालेज प्रशासन की कार्यशैली पर प्रश्न चिन्ह लगाता है, यह स्थिति किसी भी दशा में स्वीकार योग्य नहीं है। उन्होंने ताकीद करते हुए कहा कि यदि अभी तक किसी बिचौलिया पर कार्यवाही की गई है, तो ऐसी सूचना सांझा करें, क्योंकि ऐसा प्रतीत होता है कि उक्त बिचौलियों की मेडिकल कॉलेज के स्टाफ से मिलीभगत है तभी इन बिचौलियों पर प्रभावी कार्यवाही नहीं की गई। यदि अब भी इस घटना को संज्ञान में नहीं लिया गया तो मेडिकल कॉलेज के चिकित्सक एवं स्टाफ पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।