हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति की रहने वाली कल्पना ठाकुर ने चैन्नई में मिसेस इंडिया का खिताब जीत कर हिमाचल का नाम रोशन किया है| कल्पना ठाकुर लाहौल-स्पीति के चौखंग गांव से ताल्लुक रखती हैं और बेहद ही प्रभावशाली समाजसेवी के रूप में भी जानी जाती हैं। वह अब अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने जा रहे मिसेज वल्र्ड प्रतियोगिता में भी भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
मिसेज इंडिया प्रतियोगिता में जिस तरह से कल्पना ने लाहौली संस्कृति का प्रदर्शन किया उसे प्रतियोगिता में सराहा गया। मिसेज इंडिया प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए उन्होंने पहले ही दिन-रात मेहनत की तथा पहले से ही तैयारियों में जुटी रही। ऐसा पहली बार हुआ कि लाहौल-स्पीति की किसी महिला ने इस स्तर पर सफलता पाई हो। कल्पना ने चैन्नई में आयोजित क्लासिक मिसेज इंडिया प्रतियोगिता में देश भर की 47 सुंदरियों को पछाड़ते हुए मिसेज इंडिया का ताज जीत कर एक नया इतिहास रचा है।
पिछले साल मनाली में आयोजित समर फैस्टीवल में कल्पना ठाकुर पहली बार मंच पर आईं थीं और मिसेज प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था। मनाली में इस प्रतियोगिता की शुरूआत करने का श्रेय एस.डी.एम. मनाली को जाता है। उनके प्रयासों से ही महिलाओं को बेहतर मंच उपलब्ध हो सका था।
कल्पना ठाकुर के पति प्रेम ठाकुर भी समाजसेवा के कार्यों में हमेशा प्रयासरत रहते हैं और उनके इस कदम में अपना भरपूर सहयोग देते हैं। कल्पना मिसेज इंडिया का खिताब जीतने से पहले मिसेज हिमाचल का खिताब अपने नाम कर सुर्खियों में आईं थीं। उनकी इस सफलता से समस्त लाहौल-स्पीति में खुशी का माहौल है तथा लाहौल-स्पीति का नाम पूरे देश में रोशन करने पर सभी को गर्व हो रहा है।