इंग्लैंड में चल रही KSL 2018 टी20 टूर्नामेंट में स्मृति मंधाना का धमाकेदार प्रदर्शन जारी है. लीग में वेस्टर्न स्टॉर्म के लिए खेल रहीं मंधाना ने एक बार फिर अपनी तूफानी पारी से टीम को जीत दिलाई. KSL 2018 के 21वें मैच में वेस्टर्न स्टॉर्म ने लैंकशायर थंडर को 76 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया. स्मृति मंधाना ने 25 गेंदों में 49 रनों की पारी खेली. कप्तान हेदर नाइट ने 76 और स्टेफनी टेलर ने नाबाद 51 रन बनाए.
स्मृति मंधाना अर्धशतक से जरूर चूक गईं लेकिन अपने आक्रामक अंदाज से उन्होंने एक बार फिर सभी फैंस का दिल जीत लिया. मंधाना ने अपनी पारी में 7 चौके और 2 लंबे छक्के लगाए.
स्मृति मंधाना भले ही KSL 2018 टूर्नामेंट में पहली बार खेल रही हैं लेकिन अपने पहले ही टूर्नामेंट में वो सबसे सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज बनकर उभरी हैं. बाएं हाथ की ये विस्फोटक बल्लेबाज KSL 2018 की सबसे ज्यादा रन बनाने वाली, सबसे बड़ी पारी खेलने वाले, सबसे ज्यादा बल्लेबाजी औसत, सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट, सबसे ज्यादा छक्के जमाने वाली खिलाड़ी बनी हुई हैं.